प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स.)। नामित पार्षदों के शामिल होने से नगर निगम की टीम और सशक्त हुई है तथा शहर के विकास, स्वच्छता और जनसेवा के कार्यों को और गति मिलेगी। उक्त बातें सोमवार को प्रयागराज नगर निगम में नामित पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने सभी पार्षदों से जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है और नामित पार्षद इसका उदाहरण हैं।
वहीं एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि पार्टी अपने मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने कहा कि नामित पार्षदों की जिम्मेदारी बहुत महत्वपूर्ण है और उन्हें जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना होगा।
भाजपा के दस नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को सिविल लाइंस स्थित नगर निगम के नए भवन में आयोजित किया गया। समारोह में महापौर गणेश केसरवानी ने सभी नामित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व सभी नामित पार्षद भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरिजाघर से ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नगर निगम परिसर पहुंचे। नगर निगम के सभागार में आयोजित समारोह में सभी पार्षदों का अंगवस्त्र व माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इन नामित पार्षदों ने ली शपथ
स्वारिका भारद्वाज (शिवनगर कॉलोनी), श्याम चंद्र हेला (राजापुर), दुर्गेश नंदिनी (काला डांडा, हिम्मतगंज), राजेश कुशवाहा (खुल्दाबाद), अखिलेश सिंह (राजरूपपुर), बब्बन प्रजापति (कृष्णा नगर, कीडगंज), दिलीप केसरवानी (काजीपुर, नैनी), प्रवीण भारतीय (नेवादा, हास्टिंग रोड), अरुण कुमार मिश्रा (आवास विकास कॉलोनी, झूंसी) एवं लाल बहादुर साहू (टीएसएल, नैनी) ने नामित पार्षद के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
