सांसद कार्तिकेय शर्मा ने ई-लाइब्रेरी स्थापना पर दिया जोर, संस्थाओं को आर्थिक सहयोग की घोषणा

नारनाैल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के अटेली में रविवार को गौड़ ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और भगवान परशुराम के आदर्शों को याद किया।
अपने संबोधन में सांसद ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्श सत्य, धर्म और न्याय के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव अच्छाई का साथ दिया और बुराई पर विजय प्राप्त कीए जो आज की युवा पीढ़ी के लिए भी मार्गदर्शक है। सांसद कार्तिकेय शर्मा ने जिले की सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे अपनी धर्मशालाओं में ई.लाइब्रेरी स्थापित करें, ताकि बच्चों को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पहल में वह हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल सही मार्गदर्शन और संसाधनों की आवश्यकता है। ई-लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थी एआई, आईएएस, यूपीएससी, नीट और एचसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने विभिन्न संस्थाओं के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक संस्था को ई-लाइब्रेरी के लिए दो-दो लाख रुपये और अटेली मंडी की संस्था को पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। सांसद ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए आधुनिक तकनीक को अपनाना होगा, ताकि नई पीढ़ी बेहतर अवसरों का लाभ उठाकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सके। इस मौके पर प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
