नारनाैल 29 जनवरी (हि.स.)। नारनौल में राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर गांव बुचावास के पास बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में भरतपुर निवासी राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव खेम सिंह चौधरी, विराटनगर निवासी रमेशचंद मीणा और भागचंद मीणा शामिल हैं। तीनों कार से राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी से होते हुए जा रहे थे। इस दौरान बूचावास के पास किसी वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। खेम सिंह चौधरी और रमेशचंद मीणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भागचंद मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल भागचंद मीणा को एंबुलेंस की सहायता से कनीना के उपनागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रोहतक स्थित पीजीआई रेफर किया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। कनीना अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों बुधवार को संत रामपाल के आश्रम गए थे और देर रात कार से वापिस राजस्थान लौट रहे थे।
इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। महेंद्रगढ़ पुलिस के अनुसार पुलिस टीम फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
