पश्चिम मेदिनीपुर, 08 फरवरी (हि. स.)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के सानबारिकबाड़ गांव में अवैध संबंध के विवाद में कार्तिक शासमल की हत्या के मामले को लेकर रविवार को गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया। मामले में आरोपित को फांसी देने की मांग पर ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

रविवार दोपहर गांव के श्मशान में मृतक कार्तिक शासमल का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इसके बाद हाथों में पोस्टर लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लक्ष्मीकांत भुइयां और काकली घोष ने कहा कि एक निर्दोष और गरीब व्यक्ति की निर्मम हत्या की गई है। उन्होंने त्वरित न्याय की मांग करते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक मुख्य आरोपित अभय हेमरम को फांसी की सजा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पिता की मौत की सूचना मिलने पर कार्तिक शासमल का बेटा रविवार को ही मुंबई से गांव लौटा। उसकी मौजूदगी में ही अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी की गईं। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फिलहाल आरोपित अभय हेमरम और उसके बेटे स्वदेश को घटनास्थल पर ले जाकर पुनर्निर्माण नहीं करा सकी है। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी अब तक बरामद नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति सामान्य होने के बाद आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया जाएगा और फॉरेंसिक जांच शुरू की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
