नालंदा, बिहारशरीफ 26 जनवरी (हि.स.)। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत भातु बिगहा गांव में रविवार की देर रात्रि बदमाशों ने पंचायती के लिए घर से बुलाकर युवक को गोली मार दी। वहीं घर पर भी जाकर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बाइक को जला दिया है, जहां घर के लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई।

बताया जाता है कि धागा फैक्ट्री की जमीन पर कब्जा का विवाद दो पक्षों में चला आ रहा था। उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना पाकर नालंदा पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर जाकर मौके पर से 8 खोखा व दो पिलेट को पुलिस ने बरामद किया है। हमले से जख्मी 35 वर्षीय प्रिंस सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। गोली युवक की बांह में लगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों ने एक दर्जन राउंड से अधिक फायरिंग की है ।जख्मी के परिजन राजकुमार सिंह ने बताया कि रविवार की रात करीब ढाई बजे कुछ लोग पंचायती के लिए प्रिंस को घर से बाहर बुलाकर ले गए थे वे लोग प्रिंस को नीरज सिंह के पक्ष में बयान देने की बात कह रहे थे जिसे प्रिंस ने इंकार कर दिया तब आक्रोशित हो बदमाशों ने युवक को गोली मारकर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बाइक जला दिया है।
पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए देवनंदन सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह उर्फ बबलू, लक्ष्मण सिंह की पत्नी खुशबू देवी और पटना जिला के अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी मुकेश सिंह के पुत्र सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के बाद वह मौके पर जांच को गए थे। जहां धागा फैक्ट्री की जमीन पर कब्जा के विवाद में गोलीबारी की गई है जिसमें एक युवक को गोली लगी है।
थानाध्यक्ष रविराज ने बताया कि फैक्ट्री की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में करार हुआ था उसी विवाद में घटना हुई। नालंदा पुलिस के द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
