नालंदा 30 जनवरी (हि.स.)।नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में आज शुक्रवार को बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतिका हिलसा थाना क्षेत्र के मलविगहा गांव निवासी इंदल विन्द की 28 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजन एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजन ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया गया कि शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे गांव की आशा कार्यकर्ता धर्मशीला देवी के माध्यम से पिंकी देवी को बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया था। दोपहर करीब 12 बजे महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया। आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक वंदना कुमारी द्वारा बंध्याकरण ऑपरेशन किया गया।
परिजन ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे महिला को बेहोशी की हालत में ऑपरेशन थिएटर से बाहर लाया गया लेकिन काफी देर तक उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। जब परिजन ने इसकी जानकारी डॉक्टर को दी तो उन्हें बताया गया कि थोड़ी देर में होश आ जाएगा। स्थिति लगातार बिगड़ती देख परिजनों ने पुनः चिकित्सक से जांच कराने की मांग की जिसके बाद नब्ज जांचते ही महिला को मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि ऑपरेशन से पहले पिंकी देवी पूरी तरह स्वस्थ थी और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करने लगे और दोषी डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में प्रयास किया जहां पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया हालांकि परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
इस संबंध में अस्पताल उपाधीक्षक एस. के. सुधाकर ने बताया कि बंध्याकरण ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हुई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
