पश्चिमी सिंहभूम, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत लांडुपादा बाईसाई से तिलोपदा जाने वाली सड़क के पास स्थित एक नाले में गुरुवार को एक नवजात बच्ची का शव मिला है। बताया जा रहा है कि बच्ची की उम्र लगभग 07 महीने के आसपास है।

मिली जानकारी के अनुसार कुछ बच्चे नाले में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नाले के अंदर पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत इस बात की जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सुमित होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता को दी। सूचना मिलते ही सदानंद होता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि बच्ची का शव नाले के अंदर पड़ा हुआ है।
इसके बाद तुरंत कराइकेला थाना को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कराइकेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्ची का शव नाले में कैसे पहुंचा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
