भागलपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बरारी थाना क्षेत्र स्थित मायागंज में महर्षि मेंही आश्रम के मुख्य गेट के सामने नाले से शनिवार को एक नवजात का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नाले में पड़े शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना को लेकर आसपास के लोगों में भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के अस्पतालों, नर्सिंग होम तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को यहां किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कवायद में लगी है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
