शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इस साल राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह जिला सिरमौर के नाहन में आयोजित किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से महिला एवं बाल विकास निदेशालय के तत्वावधान में 8 मार्च को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

विभाग के प्रवक्ता के अनुसार समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 10 हजार महिलाएं भाग लेंगी। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, महिला मंडलों की सदस्य, पंचायती राज संस्थाओं की प्रतिनिधि और शहरी स्थानीय निकायों से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। साथ ही महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्षों, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी और विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे महिलाओं की उद्यमिता और कौशल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलने की भी संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
