रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी (जसास) के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने राज्य में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीकी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी सूचीबद्ध निजी अस्पतालों को 31 जनवरी तक हेम 2.0 पोर्टल पर माइग्रेट करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश देते हुए कहा कि हेम 2.0 के माध्यम से इलाज की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और लाभुक-अनुकूल बनाया जा सकेगा। इससे न केवल मरीजों को समय पर बेहतर सेवाएं मिलेंगी, बल्कि अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच समन्वय भी मजबूत होगा। निदेशक ने कहा कि रांची के तीन सूचीबद्ध निजी अस्पताल राज हॉस्पिटल, रानी हॉस्पिटल और समर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर को हेम 2.0 पर माइग्रेट करने का अनुमोदन भी दिया गया।

समीक्षा के दौरान विभिन्न समितियों की ओर से किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े तात्कालिक प्रतिवेदनों पर चर्चा हुई। कार्यकारी निदेशक ने लाभुकों, निजी अस्पतालों और बीमा कंपनियों के समक्ष आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को गंभीरता से सुना और उनके जल्द समाधान के निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पताल पहले ही हेम 2.0 प्रणाली पर अपग्रेड हो चुके हैं, जबकि कुछ निजी अस्पताल अभी भी हेम 1.0 पर कार्य कर रहे हैं, इससे योजनाओं के संचालन में बाधा आ रही है। इस स्थिति को देखते हुए समय-सीमा के भीतर माइग्रेशन अनिवार्य किया गया है। साथ ही बीमा कंपनियों को अधिक पैकेज राशि वाले रोगों की विस्तृत सूची और राज्य के बाहर उपचार कराने वाले अस्पतालों का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर कार्यकारी निदेशक सीमा सिंह, निदेशक प्रमुख (स्वास्थ्य सेवाएं) सिद्धार्थ सान्याल, निजी अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि, बीमा कंपनियों के पदाधिकारी और जसास के अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
