रांची, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने मंगलवार को नामकुम स्थित एनएचएम कार्यालय परिसर से स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित 24 प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये सभी वाहन राज्य के 24 जिलों के लिए रवाना किए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों तक स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर अभियान निदेशक ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की एक नई और अभिनव पहल है। इसके तहत एक साथ सभी जिलों में स्वास्थ्य कर्मियों और आम जनता को जागरूक किया जाएगा। प्रत्येक वाहन दो दिनों तक एक जिले में रहकर प्रतिदिन चार प्रखंडों में प्रशिक्षण और प्रचार गतिविधियों में भाग लेगा। उन्होेंने कहा कि कुल 48 दिनों में 192 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सहिया, सीएचओ और एएनएम शामिल होंगे। लगभग 3,900 स्वास्थ्य कर्मियों को 24 विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी वाहन जीपीएस से लैस हैं और माइकिंग के माध्यम से गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रचार करेंगे।
जरूरत पड़ने पर इन वाहनों का उपयोग गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पताल पहुंचाने में भी किया जाएगा।
प्रचार वाहनों के माध्यम से मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, किशोर स्वास्थ्य, टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, गैर संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, नियमित टीकाकरण सहित 24 विषयों से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
