हमीरपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के चरखारी रोड स्थित बिजली पावर हाउस के पास मंगलवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से ठेका लेने वाले राजमिस्त्री की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की।

राठ कस्बे के अतरौलिया निवासी अरविंद (38) पुत्र जय सिंह भवन निर्माण का ठेका लेकर काम करता था। वह कस्बे में चरखारी रोड में बिजली पावर हाउस के पास मकान निर्माण का ठेका लेकर काम करवा रहा था। आज कार्य करने के दौरान अचानक निर्माणाधीन मकान की छत गिर गई। हादसे में कारीगर अरविंद की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी कौशल्या, मां श्याम देवी, बहन सोनिया, पुत्र मनीष, गौरव और क्रिस हैं।

राठ कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
