नोएडा, 13 मार्च (हि.स.)। थाना जेवर के ग्राम रामेहर में गुरुवार की रात एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से पांच लोग दब गए। इस हादसे मेंएक महिला की मौत हो गई है। दीवार में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए थाना जेवर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया ग्राम राममेहर निवासी रवींद्र छोकर के अपने प्लाट पर दीवार निर्माण कर रहे थे। आरोप है कि प्लाट के निर्माण में खराब ईट तथा मिट्टी से चिनाई करवा रहे थे। पीड़ित के अनुसार उन लोगों ने मना किया तो आरोपित नहीं माना। पीड़ित के अनुसार खराब ईट व मिट्टी से चिनाई के चलते 12 मार्च की शाम को दीवार अचानक गिर गई, जिससे मौके पर मौजूद रमेश की पत्नी रानी, हरिश्चन्द्र की पत्नी अनीता, हरभजन तथा रविंद्र छोंकर की पत्नी शशि मलबे में दब गए। लाेगाें की मदद से मलबे से घायलाें काे निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान अनीता की मौत हो गई। थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को रमेश पुत्र लक्ष्मण निवासी जनपद ललितपुर की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जेवर क्षेत्र में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। इसका फायदा उठाकर कुछ लोग कच्ची दीवारों बनाने के लिए घटिया ईंट का प्रयोग कर घर बना रहे हैं, ताकि जब उनकी जमीन अधिग्रहण में आए तो घर तोड़ने के एवज मे करोड़ का मुआवजा मिल सके। इसी वजह से इस क्षेत्र में अब तक इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
