नूंह, 08 फ़रवरी (हि.स.)। नूंह जिले में स्थित प्रसिद्ध कोटला झील में प्रवासी पक्षियों और जल मुर्गियों के अवैध शिकार के मामलें में नूंह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना आकेड़ा ने बीते साल दिसंबर में दर्ज मुकदमा के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों ने जांच के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि वन्य जीव संरक्षण निरीक्षक रजनेश कुमार की शिकायत के अनुसार आरोपी जाल बिछाकर पक्षियों को पकड़ रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर,वहीद, मुजाहिद उर्फ मुज्जी और राजूदीन उर्फ सिराजुदीन निवासी आकेड़ा के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकृति कथन में बताया कि गांव की बनी कोटला झील में सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी और जल मुर्गियां आती हैं। वे लंबे समय से जाल लगाकर इनका शिकार करते आए हैं और उन्हें बाजार में बेचकर पैसे कमाते हैं। 21 दिसंबर 2025 को आरोपी जाकिर, वहीद, राजूदीन, मुजाहिद सहित अन्य साथियों जावेद, वसीम, रमजानी, हब्बल आदि ने जाल बिछाकर पक्षियों को पकड़ा था। वन्य जीव विभाग की टीम के पहुंचने से पहले वे भाग गए थे। सात फरवरी को जब वह फिर से जाल लगाने पहुंचे, तो वन्य जीव टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। इनसे दो जाल बरामद हुए, जालों को जब्त कर लिया गया है।पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
