नूंह, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नूंह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के पहले ही दिन फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर आंच नहीं आने दी गई। बुधवार को कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सालाहेड़ी स्थित परीक्षा केंद्र नंबर 32 पर दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जो असली विद्यार्थियों की जगह अंग्रेजी विषय की परीक्षा दे रहे थे।

केंद्र अधीक्षक अमित कुमार द्वारा की गई औचक जांच और स्कैनिंग के दौरान एडमिट कार्ड और रोल नंबर में गड़बड़ी सामने आई। गहन जांच में खुलासा हुआ कि एक नाबालिग परीक्षार्थी असली छात्र की जगह परीक्षा दे रहा था, जबकि दूसरा युवक भी दूसरे छात्र के स्थान पर बैठा मिला। दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले किया गया और सदर नूंह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस ने दबिश देकर असली छात्र और फर्जी एडमिट कार्ड तथा रोल नंबर स्लिप तैयार करने वाले सीएचसी संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नूंह पुलिस और जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण यह फर्जीवाड़ा समय रहते पकड़ में आ गया। जिले के कई परीक्षा केंद्रों को पहले ही संवेदनशील घोषित किया गया था और उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
