नूंह, 26 जनवरी (हि.स.)। नूंह जिले के पिनगवां थाना अंतर्गत भाट कॉलोनी वार्ड नंबर 2 में एक युवक द्वारा अपनी ही मांग के पैर काटने का मामला सामने आया है। महिला का नाम वहीदन है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही इस मामले की सूचना पुलिस को मिली तो डीएसपी जितेंद्र सिंह राणा व पिनगवां थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साेमवार काे बताया कि पिनगवां में एक महिला के साथ मारपीट कर उसके पैर काटने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायल महिला को मांड़ी खेड़ा के सरकारी अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि महिला का नाम वहीदन है जिसकी आयु लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। महिला पलवल जिला के छायसा गांव की रहने वाली थी।
वहीदन के पांच बच्चे हैं। वहीदन ने दो सप्ताह पहले पिनगवां निवासी व्यक्ति से अपने पहले पति और बच्चों को छोड़कर शादी कर ली और पिनगवा में रहने लगीं।
इस बारे में जब उसके लड़के को पता चला तो महिला के बेटे ने पिनगवा आकर अपनी मां पर हमला करते हुए उसके पैर काट दिए। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला का उपचार करा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
