नूंह, 25 जनवरी (हि.स.)। इलाका-ए-मेवात ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को उटावड़ मरकज़ में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एक अहम पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत की अध्यक्षता छिरकलोत पाल की 21 सदस्यीय अध्यक्ष मंडल ने की। पंचायत का मुख्य उद्देश्य समाज में गहराती सामाजिक बुराइयों पर खुलकर मंथन करना और उनके स्थायी समाधान की राह तलाशना रहा।

पंचायत में विशेष रूप से पाँच प्रमुख मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। इनमें दहेज प्रथा और उससे रिश्तों में पैदा हो रहा तनाव, गोकशी व गौ-तस्करी, समाज में तेज़ी से फैलता नशा, बढ़ते हुए साइबर अपराध तथा सोशल मीडिया पर परोसी जा रही अश्लीलता शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि ये समस्याएँ न केवल सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रही हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित कर रही हैं। इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और ठोस सामाजिक कदम उठाना समय की मांग है।
इसके अतिरिक्त पंचायत में कई अन्य सामाजिक कुरीतियों को भी चिन्हित किया गया। इनमें डीजे पर पाबंदी, सट्टेबाज़ी, धूल-गोला, बारात की संख्या सीमित करना, कम मेहर की मिक़दार तय करना, लड़कियों की विरासत की तकसीम सुनिश्चित करना तथा झूठे व नाजायज़ मुक़दमे बनवाने जैसी प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दे शामिल रहे। साथ ही दीनी और दुनियावी तालीम की बेदारी पर विशेष जोर दिया गया, ताकि समाज में शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
मशवरे के बाद सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि 15 फ़रवरी को इसी सिलसिले में उटावड़ मरकज़ में एक महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत को सफल बनाने के लिए एक आयोजक समिति का गठन किया गया है, जिसमें फिलहाल 21 सदस्य शामिल हैं। आवश्यकता अनुसार इस समिति का विस्तार कर इसे सैकड़ों सदस्यों तक बढ़ाया जा सकता है। पंचायत में मौलाना याहया करीमी, विधायक चौधरी इसराईल, विधायक आफताब अहमद, विधायक मामन खान इंजिनियर, पूर्व विधायक हबीबुर्रहमान, सामाजिक कार्यकर्ता रमजान चौधरी, इतिहासकार सद्दीक अहमद मेव, चौधरी कासम, चौधरी रफीक, हिदायत कमांडो, खूबी सरपंच, हनीफ सरपंच, दीन मोहम्मद मामलीका, मौलाना नासिर उटावड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
