
धर्मशाला, 12 मार्च (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा लापता व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मामलों में 6 लापता व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया है। पुलिस ने इस कार्यवाही महज दो दिनों के भीतर अंजाम दिया है।

इन मामलों में पुलिस थाना डमटाल के क्षेत्र से लापता निवासी बग्गन लोअर, तहसील बिलावर, जिला कठुआ उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 5 ठपकोर, डाकघर भदरोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा उम्र 25 वर्ष तथा निवासी डमटाल, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा उम्र 19 वर्ष को पुलिस द्वारा ढूंढ लिया गया है।
इसी प्रकार पुलिस थाना जवाली के क्षेत्र से लापता निवासी धान, डाकघर मतलाहर, तहसील जवाली के 22 वर्षीय तथा 27 वर्षीय 2 व्यक्तियों को पुलिस द्वारा सकुशल ट्रेस कर लिया गया है।
वहीं पुलिस थाना इन्दौरा के क्षेत्र से लापता निवासी मुकेन, डाकघर प्रीतम नगर, तहसील व जिला गडवाल उत्तराखंड के एक व्यक्ति को भी पुलिस द्वारा सकुशल ट्रेस कर लिया गया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा इस अभियान के तहत 2 दिनों के भीतर कुल 6 लोगों को सकुशल बरामद किया गया है तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। नूरपुर पुलिस द्वारा लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
