बलरामपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के विरुद्ध प्रशासन ने गुरुवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा के निकट संयुक्त छापेमारी में अवैध दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। 35 बॉक्स में बरामद दवाओं की कीमत 11, 47,057 रुपये आंकी गई है। अवैध दवाओं के साथ तीन आरोपिताें काे भी गिरफ्तार किया गया।

हर्रैया थाना क्षेत्र के महादेव बांकी, खैरवान बांध के पास एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा एवं थाना हर्रैया पुलिस की संयुक्त टीम ने एक महिंद्रा पिकअप लोडर को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में अल्प्राजोलाम, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स तथा कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाएं अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाई गईं।
बरामद दवाओं के साथ ही पांच दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए सुरक्षित किए गए हैं। वाहन में सवार गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव एवं चालक कपिल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। छापे में शामिल अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि यह संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई 12 घंटे से अधिक समय तक चली, जो 15 अप्रैल को अपराह्न 3:00 बजे शुरू होकर 16 अप्रैल को भाेर तीन बजे तक जारी रही। इस प्रकरण में आरोपिताें के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत थाना हर्रैया में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन
