अजमेर, 14 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री और सांसद भागीरथ चौधरी की अनुशंसा पर नेशनल हाइवे 48 के जयपुर–किशनगढ़ खंड को छह लेन करने की परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट लिखकर इस मंजूरी की जानकारी दी है।

इस निर्णय को अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। लंबे समय से इस मार्ग के अपडेशन की मांग की जा रही थी।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर-किशनगढ़ (लंबाई 89.785 किलोमीटर) खंड के फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण सहित 6-लेन उन्नयन के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है। इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ाने और यात्रा समय को मौजूदा दो घंटे से लगभग एक घंटे कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय यातायात का पृथक्करण, दोनों ओर सर्विस रोड और फ्लाईओवर का प्रावधान सुरक्षा बढ़ाने में भी सहायक होगा। दुर्घटनाओं और उनमें होने वाले मृत्यू की संख्या को कम करने के लिए इस खंड पर मौजूदा टकराव बिंदुओं का भी समाधान किया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जयपुर-किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के 89.785 किलोमीटर लंबे खंड के लिए 910.90 करोड़ रुपये की लागत के साथ 6-लेन उन्नयन की स्वीकृति मिली है, जिसमें फ्लाईओवर व सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। इससे यात्रा समय आधा हो जाएगा। यह डबल इंजन सरकार की शक्ति का प्रमाण है, जो राजस्थान की जनता को निरंतर सौगात दे रही है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का हृदय से आभार, जिनके अथक प्रयासों से ‘नये राजस्थान’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि अब जयपुर और अजमेर जिलों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर–किशनगढ़ खंड को छह लेन में विकसित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत फ्लाईओवर तथा दोनों ओर सेवा मार्ग भी बनाए जाएंगे और इसे आंशिक रूप से नियंत्रित प्रवेश वाले राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंत्री चौधरी ने बताया कि सड़क के छह लेन होने से वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और यातायात अधिक सुगम हो सकेगा। इससे जयपुर से किशनगढ़ तक की यात्रा का समय लगभग दो घंटे से घटकर करीब एक घंटा कम हो जाएगा। साथ ही सेवा मार्ग और फ्लाईओवर बनने से स्थानीय यातायात अलग हो सकेगा, जिससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र अजमेर संसदीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण भाग है, लंबे समय से इस सड़क के अपडेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर तथा पत्र लिखकर परियोजना की स्वीकृति की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से अजमेर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल अजमेर संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे राजस्थान में बेहतर संपर्क व्यवस्था और विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
