इंदौर, 16 मार्च (हि.स.)। इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) द्वारा आयोजित 7वीं वनडे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप का रविवार को समापन इंदौर में हुआ, जिसमें रोमांचक मुकाबलों के बाद नॉर्थ जोन ने खिताब अपने नाम किया, जबकि साउथ जोन उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में देश के पांच जोन की डेफ पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.1 ओवर में 120 रन बनाए। टीम की ओर से कुलदीप सिंह ने 31 रन की अहम पारी खेली। साउथ जोन की तरफ से यशवंत नायडू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ जोन ने 25.5 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की जीत में वैभव ने 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि रोहित सैनी ने गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर अहम योगदान दिया।
चैंपियनशिप के अन्य मुकाबलों में सेंट्रल जोन ने ईस्ट जोन को 55 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल जोन ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए, जिसमें विराज कोल्टे ने 30 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में ईस्ट जोन की टीम 18.1 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। संजू शर्मा ने तीन विकेट लेकर सेंट्रल जोन की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि संतोष कुमार मोहापात्रा ने 34 रन बनाए।
व्यक्तिगत पुरस्कार:
मैन ऑफ द मैच: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन), अमन चौकसे (सेंट्रल जोन)
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़: अभिषेक सिंह (ईस्ट जोन)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन)
प्लेयर ऑफ द सीरीज़: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन)
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अतुल मलिकराम ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि विशिष्ट अतिथि राखाल कुमार सेठी ने उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि इस चैंपियनशिप ने डेफ क्रिकेटरों की प्रतिभा और खेल के प्रति उनके समर्पण को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
यह प्रतियोगिता 11 से 15 मार्च 2026 तक इंदौर स्थित द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के डेफ क्रिकेटरों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
