नोएडा, 27 मार्च (हि.स.)। थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार भोर 4:30 बजे के करीब अज्ञात कारण से आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शुक्रवार 4:30 बजे के करीब फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित विशाल मेगा मार्ट के शोरूम में आग लग गई है। आग भूतल से द्वितीय तल फैल गई। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि घटना के समय माल बंद था। वहां पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे, जिसकी वजह कोई जनहानि नहीं हुई है। माल बिल्कुल मेट्रो स्टेशन से सटा हुआ है और वहां से नोएडा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग गुजरता है। काफी देर तक वाहन चालकों को वहां से गुजरने में परेशानी हुई।
मुख्य दमकल अधिकारी ने बताया कि आग के कारण और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
