कोलकाता, 12 मार्च (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।तृणमूल कांग्रेस ने अपने पोस्ट में 2016 की नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले के बाद देशभर में आम लोग बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी कतारों में खड़े होकर अपने ही पैसे निकालने के लिए परेशान हुए थे।

पार्टी ने 2020 की कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरियां सामने आ गई थीं और लोग अस्पतालों तथा ऑक्सीजन के लिए लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हुए थे।
पोस्ट में 2025-26 के दौरान मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि लाखों नागरिकों को अपने अस्तित्व और नागरिकता साबित करने के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ा। इनमें गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, बीमार और दिहाड़ी मजदूर शामिल थे।
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। पार्टी ने आरोप लगाया कि एलपीजी के दामों में लगातार वृद्धि के कारण आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है और आम लोगों को सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।
तृणमूल कांग्रेस ने पोस्ट में कहा कि 12 साल, चार लाइन और एक सरकार—लेकिन जवाबदेही शून्य। पार्टी ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि भाजपा का एक ही नारा है— लाइन में रहे देश बेचारा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
