मुरादाबाद, 06 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव करनावाला गांवड़ी के रहने वाले न्यायिक कर्मचारी मोहित के सुसाइड किए जाने के मामले में आरोपित पत्नी ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां से कोर्ट ने महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव करनावाला गांवड़ी निवासी न्यायिक कर्मचारी मोहित कुमार ने बीती 16 जनवरी की रात अपने घर के कमरे में फांसी पर लटक कर जान दे दी थी। तलाशी में उनकी जेब से मिले सुसाइड नोट में पत्नी को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया था। मृतक के पिता मुनेश कुमार ने मोहित की पत्नी अनीता देवी और उसके दो कथित प्रेमियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

सवा माह गुजरने के बाद भी पुलिस आरोपितोें को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इसी कड़ी में तीन दिन पूर्व पीड़ित के माता-पिता ने अपना हक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। पीड़ित के परिजनों के मुलाकात करने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ को ताबड़ तोड़ दबिश दी, जिस पर शुक्रवार को मृतक मोहित की पत्नी अनीता देवी ने अदालत में आत्म समर्पण कर दिया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस मामले के दो अन्य आरोपियों की अभी गिरफ्तारी होना बाकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
