चंडीगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। पंचकूला के

मोरनी पर्यटक स्थल पर बुधवार सुबह थार गाड़ी के खाई में गिरने से हुए हादसे में एक

युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी युवक थार गाड़ी में सवार होकर
घूमने निकले थे। यह हादसा मांधना गांव के पास हुआ है।
ग्रामीणों
के अनुसार, थार गाड़ी स्पीड पर थी और संतुलन बिगड़ने के कारण खाई में गिर गई। हादसे के
बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित करके खाई में गिरे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल
पहुंचाया। हादसे का शिकार हुए सभी युवक 18 से
30 वर्ष की आयु के हैं। मृतक की पहचान सेक्टर-15, पंचकूला 21 वर्षीय अभिषेक खत्री के तौर पर हुई है।
इसके अलावा पंचकूला के हरमिलाप नगर निवासी विवेक, मोहाली
निवासी आयुष ठाकुर व ललित घायल हुए हैं। सभी युवक आपस में दोस्त हैं और वह
आज मोरनी में घूमने के लिए निकले थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
