पाली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि सरकार की मंशा पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकायों में शिक्षा की बाध्यता लागू करने की है। हालांकि दो से अधिक संतान को लेकर किसी तरह की बाध्यता लागू नहीं की जाएगी। वे रविवार को पाली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि यह विषय हाल ही में विधानसभा में चर्चा का केंद्र रहा है। कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा द्वारा नगर निकाय चुनावों में उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और संतान संबंधी प्रावधानों में संशोधन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार ने चार फरवरी को सदन में साफ किया था कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 21 में फिलहाल शैक्षणिक योग्यता से संबंधित कोई प्रावधान नहीं है और वर्तमान में इस संबंध में किसी संशोधन का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य बजट को लेकर कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार बेहतर काम कर रही है और आगामी बजट भी जनहितकारी होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलती थी, जबकि अब प्रदेश में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पाली से दिल्ली के लिए रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शीघ्र शुरू की जाएगी।
राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2004 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद प्रधानमंत्री का भाषण नहीं हो सका।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति कांग्रेस के अमर्यादित और असंसदीय व्यवहार के कारण उत्पन्न हुई। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बोलना शुरू किया, कांग्रेस ने अपनी महिला सांसदों को प्रधानमंत्री की सीट तक भेज दिया, जिससे भारी शोरगुल हुआ और प्रधानमंत्री अपना वक्तव्य नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के इस व्यवहार को कभी माफ नहीं करेगी।
भारत-अमेरिका डील से किसानों को नुकसान होने के आरोपों को खारिज करते हुए राठौड़ ने कहा कि यह कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम है। इस समझौते से भारत का अमेरिका में निर्यात बढ़ेगा। वहीं अमेरिका से भारत केवल उन्हीं उत्पादों का आयात करेगा, जो देश में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसानों को नुकसान का सवाल ही नहीं उठता।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
