चंडीगढ़, 04 मार्च (हि.स.)। पंजाब व हरियाणा में चारों तरफ होली की धूम रही। आपसी प्रेम व भाईचारक एकता को मजबूत करते हुए लोगों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। ऐतिहासिक शहर आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला के अवसर पर लाखों की संख्या में देश विदेश से श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया। पंजाब के अमृतसर स्थित दरबार साहिब में भी आज अन्य दिनों के मुकाबले संगत की भारी भीड़ रही। सुबह से ही यहां श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। आनंदपुर साहिब में भीड़ को संभालने के लिए यहां करीब 5000 जवान तैनात किए गए हैं और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।

लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा समेत कई स्थानों पर होली के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी चंडीगढ़ में भी कई स्थानों होली के साथ-साथ हुडंदंगियों ने भी हंगामा किया। चंडीगढ़ पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए सुखना लेकर से कुछ युवाओं को खदेड़ा। यह नौजवान सुखना का पानी गंदा करने का प्रयास कर रहे थे।

इसी बीच सेक्टर-15 में मार्केट और पंजाब यूनिवर्सिटी में युवाओं की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस ने लाठियों का हलका बल प्रयोग करके उन्हें खदेड़ दिया। जिससे माहौल गर्मा गया। वहीं सेक्टर-10 स्थित कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों ने हंगामा कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमें होली खेलने के लिए बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। अमृतसर की गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी में भी पुलिस ने लाठियां चलाकर हुडदंग मचाने वालों को खदेड़ दिया। उधर लुधियाना के गोविंद गोधाम में लोगों की भीड़ जुटी और जमकर होली का जश्न मनाया जा रहा। इसके साथ ही अबोहर के आलमगढ़ स्थित खाटू श्याम में भी श्रद्धालु जुटे।
इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश के लोगों को होली की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरी परमात्मा से प्रार्थना है कि यह त्योहार आपके जीवन में खुशियों के सभी रंग लेकर आए। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने भी एक संदेश जारी करके पंजाब के लोगों को होली की बधाई दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
