-1 अप्रैल को ढपढप (बांकीमोंगरा) में होगा आयोजन

कोरबा, 12 मार्च (हि. स.)। माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा, कोरबा में वर्ष 2024 में आयोजित नमः सामूहिक विवाह के सफल आयोजन के बाद इस वर्ष इसे और व्यापक रूप दिया जा रहा है। आगामी 1 अप्रैल 2026 को ढपढप (बांकीमोंगरा) में विश्व विख्यात कथा वाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में तथा अपना आश्रम सेवा समिति के आयोजन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न होगा। इस अवसर पर 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा, जहां वे अपने जीवनसाथियों के साथ नवदांपत्य जीवन में प्रवेश करेंगी।
नमः सामूहिक विवाह के प्रभारी एवं माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक ने आज गुरुवार काे बताया कि अब तक 108 दिव्यांग व निर्धन कन्याओं का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कृपा से इस वर्ष यह पुण्य कार्य ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में संपन्न होने जा रहा है, जो हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
समारोह में नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए बागेश्वर धाम से पधार रहे विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक एवं सनातन धर्म के प्रचारक पं. धीरेंद्र शास्त्री के साथ कई प्रतिष्ठित संत, विद्वान आचार्य और प्रदेश के कई राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि अपना आश्रम सेवा समिति द्वारा ग्राम ढपढप में 27 मार्च से 01 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। छह दिवसीय इस आयोजन में पं. धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजन के अंतिम दिन 01 अप्रैल को नमः सामूहिक विवाह संपन्न होगा, जिसमें 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं अपने मनपसंद जीवनसाथियों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगी। आयोजकों के अनुसार पंजीयन अभी भी जारी है, जिससे कन्याओं की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
