कोलकाता, 26 फरवरी (हि.स.) : हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी मोहम्मद शफिक खान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलाबाड़ी थाने की पुलिस ने गुरुवार तड़के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद बिलाल (36) उर्फ रिंकू, मोहम्मद वकील (32) उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन (32) के रूप में हुई है। बिलाल का घर कोलकाता के जोरासांको थाना क्षेत्र के केलाबागान इलाके में है, जबकि अन्य दो आरोपित बउबाजार इलाके के निवासी बताए गए हैं।

कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया गया। हावड़ा सिटी पुलिस, खुफिया विभाग और गोलाबाड़ी थाने की टीम ने उत्तर कोलकाता के जोरासांको थाना क्षेत्र स्थित एक गुप्त ठिकाने से तीनों को दबोच लिया। हत्या की घटना के बाद से ही ये सभी फरार चल रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि प्रॉपर्टी कारोबारी मोहम्मद शफीक खान को गोली मारकर हत्या करने के बाद मामले के दो मुख्य आरोपित हारून खान और रोहित हुसैन जोरासांको इलाके में बिलाल के पास ही छिपे थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों का मुख्य आरोपितों के साथ नियमित संपर्क था।
फिलहाल, खुफिया अधिकारी गिरफ्तार आरोपितों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। मुख्य आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गुरुवार को तीनों को हावड़ा अदालत में पेश किया जाएगा। हत्या के इस मामले में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
