मुरादाबाद, 06 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में एक शादीशुदा महिला ने तलाक हुए बगैर बदायूं निवासी युवक से दूसरी शादी कर ली। सरकार से मिले अनुदान की धनराशि उसने अपनी मां के खाते में मंगवाकर निकाल ली।

इसकी जानकारी होने पर पहले पति ने विरोध किया तो महिला ने उसके साथ अभद्रता की और धमकी दी कि कहीं शिकायत की तो झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा दूंगी। इतना ही नहीं महिला ने पति की सम्पत्ति में आधा हिस्सा और दस लाख रुपये की मांग भी की। इस मामले में आरोपित महिला, उसकी मां और चाचा के खिलाफ शुक्रवार रिपोर्ट दर्ज की गई है।

इंस्पेक्टर थाना मूंढापांडे मोहित चौधरी ने बताया थाना मूंढापांडे के हसनगंज निवासी अतर सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके बेटे राहुल की शादी मूंढापांडे के बूजपुर मान निवासी सीमा के साथ हुई थी। अतर सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ही सीमा ने घर में विवाद शुरू कर दिया और अपने मायके चली गई। उन्हें पता चला कि सीमा ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में बदायूं के महोरी निवासी जयवीर सिंह के दूसरी शादी कर ली लेकिन पहले पति को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। एक दिन सीमा अपनी ससुराल पहुंची और उसने राहुल को बताया कि उसने दूसरी शादी कर ली है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
