कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। फीलखाना क्षेत्र अंतर्गत पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने एक युवक पर ज्वलनशील/रासायनिक पदार्थ फेंक दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद इलाकाई लोगों ने आरोपित को पीटकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आराेपित को हिरासत में लेकर घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल उर्सला में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

शुक्लागंज के अहमद नगर के रहने वाले शाहिद ने बताया कि वह चप्पल कारीगर है। साथ ही फीलखाना के पटकापुर में उसका ननिहाल है। इसके अलावा वहीं पर एक चप्पल कारखाने में काम करता है। वहीं पर रहने वाली एक महिला की करीब 15 साल पहले शादी हो चुकी है लेकिन उसके पति को शक है कि उसकी पत्नी और घायल युवक के बीच प्रेम संबंध हैं। यही कारण है कि वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
आज जब पीड़ित कारखाने में काम कर रहा था। तभी महिला का पति गुलफान मौके पर पहुंचा। बातचीत करने के लिए उसने बाहर बुलाया और बहस के दौरान बोतल में लाया हुआ रासायनिक पदार्थ फेंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां पीड़ित के हाथ, चेहरे एवं पैर पर जलने के चिन्ह पाए गए।
पीड़ित शाहिद ने बताया कि आरोपित ने खुद का मकान और कारोबार का झांसा देकर शादी की थी। जिसके चलते कई सालों से उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है और उसे लगता है कि मेरे और उसकी पत्नी के बीच प्रेम संबंध हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आराेपित ने पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में घटना को अंजाम देने की बात मानी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
