
पूर्वी सिंहभूम, 15 मार्च (हि.स.)।

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर क्लिनिक में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक मरीज की मौत हो जाने से रविवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार पोटका थाना क्षेत्र के आसनबनी निवासी 50 वर्षीय पोरेस भगत को किडनी में पथरी की समस्या थी। इलाज के लिए वे बाराद्वारी स्थित नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर पहुंचे थे, जहां उन्होंने डॉक्टर डी.के. मिश्रा से परामर्श लिया। गुरुवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और शुक्रवार दोपहर उनका ऑपरेशन किया गया।
बताया जाता है कि ऑपरेशन के बाद शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी और पेट भी असामान्य रूप से फूलने लगा। मरीज की स्थिति गंभीर देख परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाने की बात कहने लगे, लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों ने भरोसा दिलाया कि मरीज की हालत संभल जाएगी।
इसी बीच शनिवार देर रात मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और रविवार सुबह अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत कराई गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
इस मामले में डॉ. डी.के. मिश्रा ने मृतक के परिजनों से कहा कि यदि उन्हें इलाज को लेकर कोई संदेह है तो वे पोस्टमार्टम करवा सकते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण का पता चल जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
