मीरजापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)।

नवागत पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार सुबह विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के चरणों में शीश नवाया। पुरानी वीआईपी मार्ग पर पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।

इसके पश्चात गणेश द्वार होते हुए उन्होंने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन किया और जनपद की शांति, सुरक्षा व जनसेवा के लिए आशीर्वाद मांगा। दर्शन-पूजन के बाद वह जनपद मुख्यालय के लिए प्रस्थान कर गईं।
नवागत एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने पदभार ग्रहण करने से पूर्व मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में हाजिरी लगाकर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं अधिकारियों की मौजूदगी रही।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल मनीष मिश्र, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, थाना प्रभारी अविनाश राय, मंदिर सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप, धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
