पूर्णिया, 29 जनवरी (हि.स.)।बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बायसी अनुमंडल के अमौर प्रखंड अंतर्गत नितेंद्र पंचायत स्थित परमान नदी के तट पर राष्ट्रीय(एनडीआरएफ) आपदा मोचन बल की टीम द्वारा व्यापक अभ्यास का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

अभ्यास के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने बाढ़ के समय अपनाई जाने वाली विभिन्न बचाव तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया। नदी में डूबते व्यक्ति को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया और प्राथमिक उपचार की विधियों से लोगों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में घरेलू संसाधनों से तैरने योग्य साधन बनाने की विधि भी दिखाई गई। प्लास्टिक बोतल, बाँस, नारियल और अन्य उपलब्ध सामान से तैरने योग्य साधन बनाने की जानकारी देकर यह बताया गया कि आपदा के समय सीमित संसाधनों से भी जीवन की रक्षा संभव है।इसके साथ ही बेहोश या पानी से निकाले गए व्यक्ति को पुनर्जीवित करने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित सहायता संभव हो सके।
इस अभ्यास में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारी, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, विद्युत विभाग, अग्निशमन दल, स्वयंसेवक तथा संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाना, विभागों के बीच समन्वय मजबूत करना और आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह
