हाथरस, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सहपऊ ब्लॉक में आयोजित विज्ञान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्हें आगरा के ऐतिहासिक स्थलों की विजिट पर भेजा गया है।

खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने बताया कि आगरा में छात्र ताजमहल, आगरा का किला, एत्माद्दौला का मकबरा और सिकंदरा स्थित सम्राट अकबर के मकबरे सहित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार, साथ जा रहे अध्यापक छात्रों को इन स्थलों के ऐतिहासिक और वैज्ञानिक पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। इस अवसर पर अजीत राना, अजेन्द्र सिंह, प्रशान्त भारद्वाज, सत्यपाल सिंह, गौरव यादव, धीरेन्द्र शाह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
