औरैया, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दोनों अधिकारियों ने दिबियापुर स्थित विवेकानंद ग्रामोद्योग महाविद्यालय, वैदिक टेक्निकल एवं औद्योगिक इंटर कॉलेज, अजीतमल के श्री जनता इंटर कॉलेज तथा मुरादगंज स्थित जिला पंचायत इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों व सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में बनाए गए कंट्रोल रूम में स्थापित टीवी पर शासन द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ कक्षों में लगाए सीसीटीवी कैमरों का फीड निर्वाध रूप से दिखाई देता रहे। साथ ही यह भी बताया कि इन कैमरों का फीड परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम के अलावा शासन स्तर पर भी देखा जाएगा, इसलिए किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि या परीक्षा की सुचिता को भंग करने वाली घटना न होने दी जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाए, जहां वे अपना सामान सुरक्षित रख सकें। इसके साथ ही स्वच्छ व शीतल पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दिन केवल परीक्षा से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी ही केंद्र में प्रवेश करेंगे। सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को उनके निर्धारित कार्यों के अनुसार पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे, जिन्हें उन्हें परीक्षा के दिन अनिवार्य रूप से धारण करना होगा।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा तिथि से पहले सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा के दिन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्हें प्रशिक्षित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न बने।
निरीक्षण के दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
