जम्मू, 12 मार्च (हि.स.)। छात्रों में परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को कम करने और उनकी एकाग्रता व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन जम्मू में एक दिवसीय कार्यशाला “योगा एंड मेडिटेशन फॉर एग्जामिनेशन स्ट्रेस रिडक्शन” का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन स्टूडेंट वेलनेस कमेटी, साइकोलॉजिकल काउंसलिंग सेल और रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम प्रिंसिपल प्रो. ज्योति परिहार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए छात्रों को परीक्षा के समय मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग और ध्यान जैसी स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और तनाव प्रबंधन से छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार आता है।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष और स्टूडेंट वेलनेस कमेटी व साइकोलॉजिकल काउंसलिंग सेल की संयोजक डॉ. अंबिका कुमारी ने परीक्षा से जुड़े मानसिक दबाव के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को रिलैक्सेशन तकनीक, श्वास अभ्यास और ध्यान की विधियों का अभ्यास भी कराया, जिससे एकाग्रता बढ़ाने और चिंता कम करने में मदद मिलती है।
रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल की संयोजक डॉ. सुषमा बाला ने भी छात्रों को स्वस्थ अध्ययन आदतों और भावनात्मक संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. शालू जसरोतिया ने संगीत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगीत सुनना और अभ्यास करना तनाव कम करने तथा सकारात्मक वातावरण बनाने में सहायक होता है। कार्यशाला के दौरान योगासन, प्राणायाम और गाइडेड मेडिटेशन के व्यावहारिक सत्र भी आयोजित किए गए जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में इंटरएक्टिव सत्र में छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और तनाव प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
