पलवल, 08 फ़रवरी (हि.स.)। रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यंत्र-तंत्र और षड्यंत्र के तहत जनभावनाओं की चोरी से बनी सरकार अब बुजुर्गों के हक और सम्मान पर प्रहार कर रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन कोई भीख नहीं, बल्कि बुजुर्गों का सम्मान है।

रविवार को पलवल जिले की हथीन विधानसभा में विधायक मोहम्मद इजराईल खान द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर क्षेत्र की जनता ने उनका पगड़ी बांधकर जोरदार स्वागत किया। हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सुनियोजित तरीके से बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा चार माह पहले पेंशन में 200 रुपये वृद्धि की घोषणा की गई थी, जो अब तक लागू नहीं हुई। सरकार बताए कि कितने बुजुर्गों की पेंशन बंद की गई और जिला-वार आंकड़े सार्वजनिक क्यों नहीं किए जा रहे। उन्होंने आय सीमा 3 लाख रुपये तय करने के फैसले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे हजारों बुजुर्ग प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नौ वर्षों में पेंशन में 233 प्रतिशत वृद्धि की, जबकि भाजपा 12 वर्षों में भी 200 प्रतिशत तक ही पहुंची। हम बुजुर्गों की पगड़ी झुकने नहीं देंगे। सड़क से लेकर संसद और विधानसभा तक आवाज उठेगी तथा 15 फरवरी को सोनीपत में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में अमेरिकी उत्पादों को बढ़ावा देना भारतीय किसानों के हितों पर कुठाराघात है। देश पहले से खाद्यान्न सरप्लस है, ऐसे में आयात से किसानों और अर्थव्यवस्था दोनों को नुकसान होगा। इस मौके पर चौधरी उदयभान, विधायक रघुबीर तेवतिया, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, शहीदा खान, जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, निशित कटारिया सहित अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
