
पलवल, 26 जनवरी (हि.स.) । जिले में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह नेता सुभाष चंद्र स्टेडियम पलवल में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने समस्त देश व प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समता के प्रति संकल्प का पर्व है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि आज का भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नई पहचान बना रहा है। गरीबों के उत्थान, युवाओं को रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण और किसानों की खुशहाली के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
समारोह में हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, स्काउट व गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त डॉ हरिश कुमार वशिष्ठ, जिला पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम, डीएसपी सहित जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
परिवारों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
