पलवल, 12 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में पलवल में एक अहम पहल की गई है। हरियाणा के खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने गुरूवार को पलवल की अनाज मंडी में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दुकानदारों और आढ़तियों को करीब 250 कूड़ेदान वितरित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।

इस अवसर पर मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का भी नैतिक कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लें तो शहरों और बाजारों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी और सब्जी मंडी किसी भी शहर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होती हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में इन स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ेदान में डालें और अपने ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। मंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नगर निकायों के माध्यम से बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और आवासीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
गौरव गौतम ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है, बल्कि इससे शहर की छवि भी बेहतर बनती है। स्वच्छ और व्यवस्थित बाजारों में लोगों का विश्वास बढ़ता है, जिससे व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि यदि मंडी के व्यापारी और कर्मचारी मिलकर सफाई का ध्यान रखें तो यह स्थान पूरे जिले के लिए एक आदर्श उदाहरण बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भी इस पहल की सराहना की और मंडी परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति, डीएमसी मनीषा शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
