पलामू, 27 जनवरी (हि.स.)। झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने के बाद पलामू जिले में इसकी तैयारी तेज कर दी गयी है। इसे लेकर प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने मंगलवार शाम समाहरणालय में संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित किया।

उपायुक्त ने बताया कि मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, हरिहरगंज एवं छतरपुर नगर पंचायत के लिए चुनाव होगा। इन क्षेत्रों के लिए 246 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 40 बूथ अति संवेदनशील हैं। 231970 वोटर एक मेयर, चार अध्यक्ष एवं 103 वार्ड पार्षद को चुनेंगे। पुरूष वोटरों की संख्या एक लाख 18 हजार 270 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 13 हजार 699 है। थर्ड जेंटर वोटर एक है। वोटिंग सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगी।

चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी 29 जनवरी से 4 फरवरी तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे जिसके लिये महापौर-अध्यक्ष पद के लिए पांच हज़ार एवं वार्ड पार्षद के लिए एक हजार रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। मतगणना सुबह आठ बजे से होगी।
एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि 50 हजार से अधिक राशि लेकर चलने पर जरूरी वैद्य दस्तावेज साथ रखना होगा। आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
