
पलामू, 26 फ़रवरी (हि.स.)।पलामू जिले में 42 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस सिलसिले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। चार फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बसदह गांव के एक मकान से 4233.36 लीटर विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई। निकाय चुनाव के रिजल्ट और होली से पहले उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान रामाशीष भुइयां पिता स्वर्गीय बौद्ध भुइयां बसदह कॉलोनी पाटन के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में इसी गांव के संतन भुइयां, पाल्हे के पंडुल सिंह और दादा सिंह, संडा के उमा सिंह एवं अन्य शामिल हैं।

अधीक्षक उत्पाद सुजीत कुमार ने गुरुवार दोपहर 4 बजे जानकारी दी की होली पर्व को लेकर उपायुक्त के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आलोक में गुरुवार सुबह 8 बजे के करीब पाटन थाना के सहयोग से बसदह गांव में संतन भुइयां के पक्के मकान में तलाशी एवं छापेमारी की गई। यहां से विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। घटनास्थल से रामाशीष भुइयां को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद शराब के कारोबारी एवं मकान मालिक फरार हो गए। इस संबंध में उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (ए) एवं 55 के अधीन मकान मालिक के अलावा रामाशीष, पंडुल, दादा, दादा पर मामला दर्ज किया गया एवं रामाशीष को जेल भेज दिया गया। बरामद शराब की अनुमानित मूल्य करीब 42 लाख रुपये है।
कार्रवाई टीम में अवर निरीक्षक उत्पाद अनूप प्रकाश, अमित कुमार सिंह, पाटन थाना प्रभारी, उत्पाद विभाग एवं थाना के जवान शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
