गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज कराया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ लगाए गए कथित झूठे आरोपों को लेकर की गई है।

रिनिकी भुइयां शर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से निराधार और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा न होने के कारण उन्हें “सॉफ्ट टार्गेट” बनाकर निशाना बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की ओर से यह आरोप लगाया गया था कि रिनिकी भुइयां शर्मा के पास यूएई, मिस्र और एंटिगुआ की नागरिकता एवं यूएस एवं खाड़ी के देश में अवैध प्रापर्टी है। इन आरोपों को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सुनियोजित दुष्प्रचार करार दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
