पटना, 15 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें पटना के कंकड़बाग स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे फिलहाल आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

पारस की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पटना पहुंचे और अस्पताल जाकर अपने चाचा का हाल-चाल जाना। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। मुलाकात के दौरान चाचा-भतीजे एक-दूसरे से गले मिले और चिराग ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने पारस को पिता समान बताया। उन्होंने कहा, वो मेरे पिता समान हैं। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन मैं यहां एक नेता के तौर पर नहीं, बल्कि बेटे के नाते आया हूं।
चिराग पासवान ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की। उन्होंने लिखा, मेरे अभिभावक, चाचा जी श्री पशुपति कुमार पारस जी आज सुबह से अस्वस्थ हैं। पटना में अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा समुचित इलाज हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शीघ्र स्वस्थ हों।
————
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी
