अररिया, 14 मार्च(हि.स.)।

डीएम सह अध्यक्ष जिला पशु क्रूरता निवारण समिति विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में शनिवार को जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पशुओं के संरक्षण, पशु तस्करी की रोकथाम तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में पशु तस्करी की रोकथाम के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर चेक पोस्ट स्थापित करने तथा उनके स्थानों को चिन्हित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित स्थलों पर शीघ्र चेक पोस्ट निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पशु तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
इसके अलावा पशुओं के परिवहन से संबंधित दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पशुओं के परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए और उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
बैठक में तस्करी के दौरान पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए गौशाला की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पकड़े गए पशुओं में भैंसों को रखने के लिए अलग से पशुशाला की व्यवस्था की जाए।
पशु मेलों के आयोजन के दौरान पशुओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पशु मेलों में पशुओं के आराम, भोजन और पानी की समुचित व्यवस्था मेला समिति द्वारा की जाए। यदि पशु मालिक इस संबंध में सहयोग नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अररिया जिला अंतर्गत अवैध रूप से संचालित वधशालाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही विभिन्न चौक-चौराहों एवं सड़कों के किनारे खुले में संचालित अवैध मीट दुकानों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
इसके अतिरिक्त जिले में ऐसे पशु हाट की पहचान करने का निर्देश दिया गया जिनका अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है। संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी अररिया सहित संबंधित पदाधिकारी गण एवं पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
