खूंटी, 16 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त आर रॉनिटा के निर्देश पर जिला पशुपालन पिरसर में सोमवार को जिला स्तरीय पशु मेला सह पशु प्रदर्शनी–2026 का आयोजन किया गया।

मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 209 पशुपालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर पशुपालकों को उन्नत और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने एवं पशु-पक्षियों के नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को राज्य सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना तथा केंद्र सरकार की योजनाओं—एनएलएम, एलएचडीसीपी, एनएआईपी और एबीआईपी-एसएस सॉर्टेड सीमेन मादा पशु गर्भाधान योजना के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही एलएचडीसीपी के तहत एफएमडी, पीपीआर, ब्रूसेलोसिस, एलएसडी एवं सीएसएफ जैसे रोगों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया सिहत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए पशुपालकों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। विभागीय संयुक्त निदेशक डॉ विपिन बिहारी महथा ने भी पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से पशुपालन करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तर पर चयनित प्रगतिशील पशुपालकों प्रिया मिंज (कर्रा), निमिषान मुंडा (तोरपा), गोमा हस्सा (खूंटी), मनोज कुमार मांझी (मुरहू) तथा नगर पंचायत क्षेत्र खूंंटी के उमेश कुमार महतो और कार्तिक राम गोंझू को सम्मानित किया गया। पशु प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को भी पुरस्कृत किया गया। बकरी पालन में सचिन कुमार (मुरहू) को प्रथम, रामेश्वर गोप (कर्रा) को द्वितीय और रामधन काशी (तोरपा) को तृतीय पुरस्कार मिला। सूकर पालन में बहालेन भेंगरा (कर्रा), भेड़ पालन में सावित्री देवी (अड़की) और कुक्कुट पालन में कैलाश काशी (तोरपा) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ अभिमन्यु प्रसाद, पशु शल्य चिकित्सक डॉ संजय प्रसाद, अवर प्रमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ नवीन कुमार आर्य, आदर्श ग्राम पदाधिकारी डॉ जेनेट भगत सहित सभी प्रखंडों के पशुपालन पदाधिकारी और एमवीयू पशु चिकित्सक उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
