नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के अपने कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासपुरी का विशेष दौरा किया। इस अवसर पर विकासपुरी स्थित दशहरा मैदान में विशाल जनसभा और कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता से संवाद किया और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, डॉ पंकज कुमार सिंह उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 365 दिनों की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह एक वर्ष ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ को समर्पित रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसे बुनियादी क्षेत्रों में किए गए सुधारों को सरकार की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता का आधार उसके अंतिम छोर पर खड़ा कार्यकर्ता होता है। पश्चिमी दिल्ली के हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस प्रतिबद्धता के साथ सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है, वह अद्वितीय है। यह एक वर्ष की सफलता सरकार की नहीं, बल्कि आप जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह एक वर्ष केवल सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का वर्ष रहा है। पश्चिमी दिल्ली के मेरे सभी साथी कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा के साथ सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाया है, वह सराहनीय है। आपकी ऊर्जा ही हमारी शक्ति है। और हम इसी तरह मिलकर दिल्ली को और बेहतर बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और आश्वासन दिया कि आने वाले समय में विकास की गति को और तीव्र किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
