पश्चिम मेदिनीपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में पश्चिम मेदिनीपुर के जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा (आईएएस), सह जिला निर्वाचन अधिकारी पापिया सुल्ताना (आईपीएस) ने बताया कि इस बार चुनाव आयोग मुख्य रूप से आठ बिंदुओं को ध्यान में रखकर चुनाव की तैयारी कर रहा है। इन बिंदुओं में भयमुक्त, हिंसामुक्त, डराने-धमकाने से मुक्त, प्रलोभनमुक्त, फर्जी वोट से मुक्त चुनाव सुनिश्चित करना तथा सरकार, पीएसयू, स्वशासी संस्थाओं और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को किसी भी राजनीतिक गतिविधि से दूर रखना शामिल है।

उन्होंने बताया कि जिले की 15 विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 122 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जिले में कुल 408 महिला संचालित मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मेदिनीपुर में 92 तथा खड़गपुर में 70 मतदान केंद्र शामिल हैं, जबकि शेष अन्य क्षेत्रों में स्थित हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान की सुविधा 14 से 16 अप्रैल तक उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार चुनावी कार्यों के लिए किसी भी प्रकार के अनुबंध आधारित कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की जा रही है। पोलिंग अधिकारियों को पड़ोसी जिलों से लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डीसी-आरसी केंद्रों पर ईवीएम मशीनें भेज दी गई हैं और वहीं से मशीनों को मतदान के लिए तैयार किया जाएगा। जिले में 48 नाका चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं और प्रत्येक नाका प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन सभी पर जिला नियंत्रण कक्ष से निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार चुनाव से पहले अब तक 63 लाख 24 हजार रुपये नकद तथा लगभग 11 करोड़ 91 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। जिले के 524 विशेष बूथों के अंदर दो-दो कैमरे तथा बाहर एक-एक कैमरा लगाया जाएगा।
मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की। जिले में वर्तमान में 94 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लाइसेंस प्राप्त लगभग सभी बंदूकें जमा करा दी गई हैं और दागी अपराधियों, अवैध हथियारों तथा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सोमवार को ही बिजिन कृष्णा (आईएएस) जिलाधिकारी पश्चिम मेदिनीपुर, पापिया सुल्ताना (आईपीएस) पुलिस अधीक्षक पश्चिम मेदिनीपुर, एस. महाराणा, कमांडेंट 232 (एम) बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, जो पश्चिम मेदिनीपुर बल समन्वयक भी हैं, तथा सौतम बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पश्चिम मेदिनीपुर ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केशपुर के 235 केशपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समन्वय बैठक एवं रैली में भाग लिया।
इस दौरान प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय बलों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मतदाताओं में विश्वास तथा भयमुक्त वातावरण का संदेश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
