हमीरपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के अतरार गांव के मंदिर में रखी पुरानी प्रतिमा की चोरी होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

बिवांर थाना क्षेत्र के अतरार गांव में प्राथमिक विद्यालय परिसर में पुरानी पाथा देवी की प्रतिमा स्थापित है। जो गांववासियों के लिए आस्था का केंद्र होने से हर दिन पूजा अर्चना करते चले आ रहे हैं। नवरात्रि के चलते सुबह से गांव की महिलाओं की भीड़ एकत्र होकर पूजा अर्चना करती है। चोर सोमवार की रात मंदिर को सूना पाकर देवी प्रतिमा की चोरी कर अपने साथ ले गए। सुबह महिलाओं के पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर जाने पर देवी प्रतिमा को गायब मिलने चोरी की जानकारी हुई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। गांव के राकेश कुमार शुक्ला, अमित तिवारी, भरत शुक्ला, कामता, अतुल, पवन यादव आदि ने देवी प्रतिमा चोरी की थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने मंगलवार को बताया कि ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
