पानीपत, 02 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के इसराना स्थित राजकीय महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज के खिलाडियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत कर कॉलेज का नाम रोशन किया। वहीं कुरूक्षेत्र के बी.आर. अंबेडकर इंस्टिटयूट में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में आर्य कॉलेज के खिलाडियों ने रजत पदक हासिल किया। सोमवार को कॉलेज प्रांगण में विजेता में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

कॉलेज की प्रबंधक समिति के उप प्रधान विरेंद्र सिंगला ने कहा की विद्यार्थियों को अपनी पढाई के साथ-साथ किसी न किसी खेल में भी अपनी रूचि रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल हमारे तन तो को स्वस्थ रखते ही हैं साथ ही मन को भी स्वस्थ रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा खेलों में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा कर अपना भविष्य बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्य कॉलेज के खिलाडी दिन प्रतिदिन किसी न किसी खेल में मेडल जीत कर अपने कॉलेज और अपने शहर पानीपत का नाम रोशन कर हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 से 30 जनवरी तक पानीपत के इसराना ब्लॉक के राजकीय महाविद्यालय में राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज पुरूष व महिला कबड्डी प्रतियोगता का आयोजन करवाया गया, जिसमें आर्य कॉलेज की पुरूष वर्ग की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एस.डी. कॉलेज पानीपत की टीम को 21 और 26 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं फाइनल में कॉलेज की टीम ने राजकीय महाविद्यालय इसराना की टीम को 42 और 35 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता। साथ ही आर्य कॉलेज की महिला वर्ग की टीम ने भी कांस्य पदक जीत कर अपनी अह्म प्रस्तुति दर्ज करवाई।
शूटिंग प्रतियोगिता में राहुल का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सटी के लिए हुआ,ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सटी गेम्स जो की मेरठ की सुभारती यूनिवर्सटी में हुए वहां पर राहुल ने 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। डॉ. गुप्ता ने बताया कि रोहतक के नेकीराम कॉलेज में राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज बॉस्केट बॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें आर्य कॉलेज की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
